पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में विभिन्न दलों के नेताओं का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाने का सिलसिला जारी है। बुधवार को लोकजनशक्ति पार्टी को तगडा झटका लगा। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और चार बार विधायक रह चुके सुनील पांडेय ने इस्तीफा दे दिया।
सूत्रों की माने तो इस्तीफा दिये जाने का कारण मनचाही सीट ना मिलना बताया जा रहा है। दरअसल सुनील पांडेय तरारी सीट से चुनाव मैदान में उतरना चाह रहे थे लेकिन इस बार यह सीट बीजेपी के खाते में चली गयी है। प्राप्त खबर के अनुसार पांडेय इस इलाके से निर्दलीय चुनाव लडने की कोशिश में हैं इसलिए उन्होंने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। भोजपुर की तरारी सीट पर अभी भाकपा माले के सुदामा प्रसाद विधायक हैं।
ज्ञात हो कि पिछले चुनाव में सुनील पांडेय की पत्नी गीता पांडेय ने इस सीट से अपना चुनाव हार गयी थी। खबर यह भी है कि सुनील पांडेय बुधवार को तरारी सीट से अपना नामांकन भर सकते हैं। पहले चरण के चुनाव के लिए आठ अक्तूबर तक नामांकन किया जा सकता है। सुनील पांडेय की छवि दबंग और बाहुबली जैसी रही है। उनके छोटे भाई हुलास पांडेय भी लोजपा में हैं। तरारी सीट से भाजपा ने कौशल विद्यार्थी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वो पहली बार चुनाव मैदान में इस सीट से उतर रहे हैं।