पटना: जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा है कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के नेतृत्वकर्ता तेजस्वी प्रसाद यादव ने फिर एक बार अपरिपक्वता का परिचय दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि अगर उनकी सरकार बिहार में बनती है तो पहली कैबिनेट की बैठक में पहले दस्तखत से वे 10 लाख युवाओं को नौकरी देंगे।
अभिषेक झा ने कहा कि 10 लाख युवाओं को नौकरी देने में प्रतिवर्ष लगभग एक लाख करोड़ का खर्च आएगा जो बिहार के कुल बजट का लगभग 50% है। तेजस्वी यादव ने इसके लिए कोई रोडमैप नहीं बताया है और कई तरह के लोकलुभावन वादे चुनाव के समय बिहार की जनता से कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि 10 लाख नौकरियां दी जाएंगी या 10 लाख लेकर नौकरियां दी जाएंगी। बिहार की जनता समझदार है और महागठबंधन के झांसे में नहीं आने वाली है। लोगों ने जंगलराज के उस दौर को देखा है। आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को तीन चौथाई बहुमत के साथ जीत दिलाएगी और अपना आशीर्वाद देगी।