पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीएम नीतीश कुमार ने मंगलवार को वर्चुअल रैली में अपनी सरकार द्वारा किये गये कार्यों के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने कहा कि 15 सालों में हमारी सरकार ने केवल काम किया है। करीब-करीब हर मसलों को छूते हुए उन्होंने विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षा के बारे में बातें करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की शिक्षा बढी है। हमने महादलित समुदाय के बच्चों को स्कूल तक पहुंचाया। काफी संख्या में स्कूलों का निर्माण किया गया। महिलाओं के विकास के मामले में उनका कहना था कि इस क्षेत्र में भी विकास के कई कार्य किये गये। नगर निकाय में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। महिलाओं के विकास के लिए जीविका की शुरुआत की गयी।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कार्यों से लोगों की आमदनी बढी। हमारी सरकार ने किनारे पडे लोगों को मुख्यधारा से जोडने की योजनाओं को चलाया। 2005 के बाद बिहार में विकास का काम किया गया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी हमारी सरकार ने कार्य किये हैं। हमने अपने कार्यों का ब्यौरा दिया।
बता दें कि विधानसभा चुनाव के लिए जदयू ताबडतोड सीएम नीतीश कुमार की वर्चुअल रैली का आयोजन कर रहा है। 12 अक्तूबर को भी छह जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली का आयोजन किया गया। मंगलवार को भी दो चरणों में रैली का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से सीएम ने 24 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली को संबोधित किया। 14 अक्तूबर से सीएम हेलीकॉप्टर से चुनाव प्रचार करेंगे।